सीवान : मुंबई रेलवे स्टेशन पर बड़हरिया के युवक की गिरकर मौत, गांव में पसरा मातम
सीवान || जिले के बड़हरिया प्रखंड के बहादुरपुर पंचायत अंतर्गत एक मजदूर की मुंबई में दर्दनाक मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. जानकारी के अनुसार, जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव निवासी मोहम्मद असलम के पुत्र अब्दुल रजा की मुंबई रेलवे स्टेशन पर पैर फिसलने से गिरकर मौत हो गई.

बताया जाता है कि अब्दुल रजा करीब चार महीने पहले रोजगार की तलाश में मुंबई गए थे, जहां वे मजदूरी का कार्य कर रहे थे. बीते 26 मार्च को रेलवे स्टेशन पर अचानक पैर फिसल जाने के कारण वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. रविवार को जैसे ही उनका शव गांव आलमपुर पहुंचा, पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और माहौल गमगीन हो गया. मृतक की मां फातिमा खातून का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई.
ग्रामीणों ने बताया कि अब्दुल रजा चार भाइयों में सबसे छोटे थे और परिवार के भरण-पोषण के लिए मुंबई में मेहनत मजदूरी करते थे. उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि जीव नारायण यादव, जीवन राय यादव, प्रमुख पति मिनहाज उर्फ सल्लू, ताजुद्दीन अहमद, अजहर हुसैन, अब्दुल रशीद, अलाउद्दीन समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).