Abhi Bharat

गोपालगंज : एलपीजी संकट पर भड़का गुस्सा, गोपालगंज में सड़क जाम, डीएसी के बावजूद नहीं मिल रही गैस

गोपालगंज || जिले में रसोई गैस (LPG) की किल्लत को लेकर रविवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. शहर के जादोपुर रोड स्थित शाही गैस गोदाम के बाहर आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. सड़क जाम होने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि उन्होंने गैस बुकिंग के लिए DAC नंबर भी प्राप्त कर लिया है, इसके बावजूद उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है. इतना ही नहीं, गैस एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी की सुविधा भी सही तरीके से नहीं दी जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि कई दिनों से लगातार गैस की आपूर्ति बाधित है, जिससे रसोई का काम प्रभावित हो रहा है और परिवारों को संकट झेलना पड़ रहा है. आक्रोशित लोगों ने गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की. वहीं सड़क जाम की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश में जुट गई.

वहीं पुलिस ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा. हालांकि, खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और प्रशासनिक पहल के बावजूद स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी थी. (गोपालगंज से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.