Abhi Bharat

सीवान : बड़हरिया में किसान रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाने के निर्देश, प्रखंड सभागार में हुई समीक्षा बैठक

सीवान || जिले के बड़हरिया प्रखंड में किसान रजिस्ट्री (FR) कार्य में प्रगति लाने को लेकर मंगलवार को प्रखंड सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार एवं अंचलाधिकारी सरफराज अहमद ने संयुक्त रूप से की. बैठक में राजस्व कर्मचारी, आमीन (विशेष सर्वेक्षण अंचल), कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, विकास मित्र एवं कार्यपालक सहायकों ने भाग लिया.

बैठक में अधिकारियों ने अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने का स्पष्ट निर्देश दिया. इस मौके पर बीडीओ संदीप कुमार ने कहा कि किसान रजिस्ट्री सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिससे किसानों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वहीं सीओ सरफराज अहमद ने कहा कि सभी संबंधित कर्मी आपसी समन्वय से कार्य करें और तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करें. उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में प्रगति धीमी है, वहां विशेष ध्यान देकर कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान रजिस्ट्री से वंचित न रह जाए.

बैठक में कानूनगो अर्जुन कुमार, कृषि एटीएम सतीश सिंह, राजस्व कर्मचारी नसीर अहमद, मनोज कुमार गुप्ता, पवन कुमार, कृषि समन्वयक राम जन्म प्रसाद गुप्ता, किसान सलाहकार जयराम कुमार, राकेश गिरी, सर्वे अमीन सोफिया, अंचल अमीन ऋषभ कुमार, राजेश कुमार, कार्यपालक सहायक कुमार चित्रांश, अकीबुल हक, विकास मित्र मुन्ना राम सहित प्रखंड के सभी राजस्व कर्मचारी, अंचल अमीन, किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, विकास मित्र एवं कार्यपालक सहायक उपस्थित थे. (बड़हरिया से राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply