कैमूर : मां के देहांत के एक सप्ताह बाद पुत्र की सड़क हादसे में मौ’त, परिजनों पर टूटा दुःख का पहाड़
कैमूर/भभुआ || जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत खजुरा ऊपरी पुल के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक की पहचान अरुण सिंह उर्फ गुड्डू सिंह के रूप में हुई है, जबकि दूसरे व्यक्ति की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक अरुण सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, पिता स्वर्गीय तूफानी सिंह, ग्राम माझवार खास, थाना चंदौली (उत्तर प्रदेश) के निवासी बताए जाते हैं.

मृतक के छोटे भाई अजय सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम अरुण सिंह घर से निकले थे, इसी दौरान दुर्गावती खजुरा ऊपरी पुल के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से यह हादसा हो गया. अजय सिंह ने बताया कि परिवार पर पहले से हीं दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था, क्योंकि इसी सप्ताह 3 फरवरी को उनकी मां का निधन हुआ था और अब इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है. स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे दोनों को गंभीर हालत में पड़े देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस एवं परिजनों को दी. सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना के एसआई कृष्णा कुमार पंडित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की,इसके बाद एनएचआई की एंबुलेंस की सहायता से दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है.
इस मामले पर दुर्गावती थाना के सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार पंडित ने बताया कि हादसे में मारे गए दूसरे व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक अरुण सिंह के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).