सीवान : मातृशक्ति वंदन से शुरू हुआ कथावाचक राजन जी महाराज का श्रीराम कथा कार्यक्रम
सीवान || शहर के वीएमएचएस सह इंटर कॉलेज के प्रांगण में रविवार को अंतराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमय, लालित्यपूर्ण, रसमयी श्रीराम कथा के वाचन का शुभारंभ हो गया. श्रीराम कथा का शुभारंभ पूज्य राजन जी महाराज, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हरिनारायणाचारी मिश्रा, स्वामी रामनारायण दास, डॉ आशुतोष सिन्हा तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया.

पूज्य राजन जी महाराज का स्वागत श्रीराम कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ राजन कल्याण सिंह, स्वागताध्यक्ष डॉ शरद चौधरी, संयोजक डॉ रूपेश कुमार, संरक्षक डॉ रामेश्वर कुमार व डॉ राम इकबाल गुप्ता आदि ने किया. प्रथम दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर, जहां महिला शिक्षिका अंजनी पांडेय ने मंच संचालन किया. वहीं नारी शक्ति को सम्मान स्वरुप पंच पल्लव का वृक्ष सौंप कर उसकी सेवा और संरक्षण का संकल्प भी कराया गया. डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल शांति सिंह, डॉ संगीता चौधरी, डॉ भारती त्रिपाठी, अमृता सिंह, डॉ ममता सिंह को पंच पल्लव के पौधे देकर उनकी सेवा और संरक्षण का संकल्प कराया गया.
कथा के प्रथम दिन मातृ शक्ति के समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान को वंदन किया गया. कथा स्थल के निकट श्रीराम कथा के यज्ञाध्यक्ष स्वामी रामनारायण दास, तथा वेद विद्यालय के बटुक भी बैठे थे. श्रीराम कथा के श्रवण हेतु रविवार को दोन के जेआर कॉन्वेंट के विद्यार्थी भी पहुंचे. (ब्यूरो रिपोर्ट).