सीवान : श्रीराम जन्मोत्सव पर दुल्हन की तरह सजा गांधी मैदान, आज से महोत्सव की शुरुआत
सीवान || शहर के गांधी मैदान में गुरुवार से श्रीराम जन्म महोत्सव का भव्य आयोजन शुरू हो गया. राम जन्मोत्सव के उपलक्ष में पूरा गांधी मैदान दुल्हन की तरह सजाया गया है, जहां भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. यह महोत्सव 27 मार्च तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

श्रीराम जन्म महोत्सव न्यास (ट्रस्ट) के अध्यक्ष सुनील दत्त शुक्ला ने बताया कि आचार्य विरेंद्र पांडेय के मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान पूर्वक सुबह सात बजे कलश स्थापना की गई. इसी दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा भी संपन्न हुई। इसके पश्चात सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक मानस का नवाह्न पाठ प्रारंभ हुआ. वहीं समिति के कोषाध्यक्ष सुधांशु कुमार सरैया ने जानकारी दी कि 27 मार्च तक प्रतिदिन प्रातःकालीन पूजन एवं मानस का नवाह्न पाठ आयोजित किया जाएगा. वहीं, प्रतिदिन शाम पांच बजे से सात बजे तक मध्यप्रदेश के जबलपुर से पधारी मानस कोकिला शिरोमणि दुबे द्वारा संगीतमय रामकथा का आयोजन किया जाएगा, जिससे रामभक्त भाव-विभोर होंगे. इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के वाराणसी से आए मानस मधुकर पंडित रामेश्वर उपाध्याय, कानपुर के राष्ट्रीय मानस प्रवक्ता पंडित आलोक कुमार मिश्रा तथा अयोध्या धाम के मानस व्याख्याता पंडित प्रह्लाद मिश्रा द्वारा भी रामकथा एवं मानस पाठ प्रस्तुत किया जाएगा.
आयोजकों ने बताया कि 27 मार्च को दोपहर एक बजे से भगवान श्रीराम की भव्य शोभा यात्रा गांधी मैदान से निकाली जाएगी, जो शहर के पूर्व निर्धारित मार्गों से होते हुए पुनः गांधी मैदान पहुंचकर संपन्न होगी. महोत्सव को लेकर पूरे गांधी मैदान में आकर्षक पंडाल, रोशनी एवं सजावट की गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना एवं रामकथा का लाभ ले रहे हैं. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).