Abhi Bharat

सीवान : नम आंखों से हुई मां सरस्वती की विदाई, यमुना गढ़ तालाब में प्रतिमा का हुआ विसर्जन

सीवान के बड़हरिया में बसंत पंचमी के तीसरे दिन विद्या की देवी मां वीणा वादिनी को शनिवार को भावपूर्ण और नम आंखों से विदाई दी गई. विदाई के पूर्व माता सरस्वती की प्रतिमा को सुहागिनों ने खोईचा भराई की रस्म अदा की. शिक्षण संस्थानों सहित विभिन्न गांव में स्थापित मां सरस्वती की अधिकतर प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार को कर दिया गया.

दोपहर से प्रखंड क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में विसर्जन की शोभायात्रा शुरू हो गई. यह सिलसिला कई घंटों तक चला. प्रखंड क्षेत्र के कई गांव के प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा विभिन्न गांव से गुजरती हुई यमुना गढ़ स्थित तालाब पहुंची और माता के प्रतिमा विसर्जन किया गया। अलग-अलग निकाली गई विसर्जन शोभायात्रा में शामिल विद्यार्थियों अन्य लोग डीजे की धुन पर नाचते थिरकते और एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाते नाचते चल रहे थे. वहीं पुलिस प्रशासन प्रतिमा विसर्जन यात्रा में विशेष नजर बनाए हुए था. प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रखंड के संवेदनशील क्षेत्रों में समुचित संख्या में पुलिस बलों की तैनाती पुलिस द्वारा की गई थी. प्रतिमा विसर्जन जुलूस में भी पुलिस के जवान साथ साथ चल रहे थे. यमुना गढ़ पर मेला सा दृश्य हो गया था.

मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रणव कुमार गिरि, थानाध्यक्ष पंकज कुमार, राजस्व अधिकारी राकेश आनंद, एसआई अमित कुमार वर्मा, पीएसआई भारती कुमारी, एएसआई शैलेश कुमार सिंह, राजकुमार मिश्रा, शशि भूषण सिंह, पूर्व मुखिया वीरेंद्र साह सहित पुलिस के सशस्त्र बल के जवान यमुना गढ़ के पास मुस्तैद दिखे. (राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.