गोपालगंज : बैकुंठपुर थाना परिसर में दो दिवसीय शिव महोत्सव का हुआ शुभारंभ
गोपालगंज || जिले के बैकुंठपुर थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में शनिवार को दो दिवसीय शिव महोत्सव का श्रद्धापूर्वक शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम की शुरूआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ की गई. जिसके उपरांत चौबीस घंटे का अखंड अष्टयाम पाठ प्रारंभ किया गया. इससे पहले भव्य कलश यात्रा सह शोभायात्रा निकाली गई. जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.
शोभायात्रा के दौरान भक्तों ने भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया. पूजा-अर्चना के दौरान मुख्य यजमान के रूप में थानाध्यक्ष सुभाष कुमार पासवान उपस्थित रहे. आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महोत्सव का समापन रविवार की संध्या में किया जाएगा. समापन अवसर पर शिव बारात सह भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो मुख्यालय के दिघवा दुबौली बाजार की विभिन्न सड़कों से होकर गुजरेगी. रात्रि में शिव विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
महोत्सव के आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया. श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण बना हुआ है. (गोपालगंज से हितेश कुमार की रिपोर्ट).