सीवान : भाजपा का 47वां स्थापना दिवस संपन्न, कार्यकर्ताओं ने संगठन सुदृढ़ीकरण का लिया संकल्प
सीवान || भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस आज सिवान के जिला कार्यालय, चाप ढाला परिसर में अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ. कार्यक्रम भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं युवा कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही.
कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी ध्वज के ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ. इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभावना, संगठन के प्रति निष्ठा एवं समर्पण का अद्भुत उत्साह देखने को मिला. पूरे परिसर में पार्टी के जयघोष एवं देशभक्ति गीतों से वातावरण ओजस्वी बना रहा. वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हो चुकी है, जिसका आधार करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं का परिश्रम और त्याग है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और वैश्विक स्तर पर एक सशक्त एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों एवं सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं. इस अवसर पर बिहार विधान परिषद की सदस्य अनामिका सिंह पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर आधारित है. उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्यक्ष के एकात्म मानववाद के दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं सम्मान पहुंचाना है. उन्होंने महिलाओं की सशक्त भागीदारी को पार्टी की प्रगतिशील सोच का प्रतीक बताते हुए कहा कि भाजपा ने महिलाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने का कार्य किया है. दरौंदा के विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ ब्याश सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा, आत्ममंथन एवं संकल्प का अवसर है। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी एवं लालकृष्ण आडवाणी जैसे महान नेताओं के आदर्शों एवं त्याग की बदौलत आज पार्टी देश की सबसे विश्वसनीय राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है. उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे आमजन में भाजपा के प्रति विश्वास और अधिक प्रगाढ़ हुआ है.
मौके पर पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव नन्दप्रसाद चौहान, पूर्व जिला अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, संजय पांडेय, योगेंद्र सिंह, राजीव कुमार सिंह उर्फ़ बिट्टू सिंह, किरण गुप्ता, जितेंद्र स्वामी हरेंद्र कुशवाहा, मुकेश कुमार बंटी, राजेश श्रीवास्तव, धनंजय सिंह, मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक, सत्यम सिंह सोनू, अनुरंजन मिश्रा, पूनम गिरी, चंद्रविजय प्रकाश यादव उर्फ़ हैप्पी यादव, पंकज किशोर सिंह, विजय यादव, अजीत कुमार, जितेश सिंह, अजय पासवान, प्रेम मांझी, धर्मेन्द्र मिश्रा, संतोष राउत, सुनीता जयसवाल, राकेश पांडेय, रूपल आनंद, सोनी स्वेब, मीनाक्षी सिंह, अर्चना सिंह, त्रिलोकी पटेल, जयप्रकाश पांडेय, सुभाष कुशवाहा, सैरभ कुशवाहा, अर्जुन गुप्ता, चीकू महाराज, सहित हजारों कार्यकर्त्ताओं की उपस्थिती रही. सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, विचारधारा के प्रचार-प्रसार तथा आगामी चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया. (ब्यूरो रिपोर्ट).