सीवान : भूमि विवाद की खबर बनाने के बहाने बुलाकर यूट्यूबर के साथ मारपीट, मोबाइल छीना
सीवान || जिले के एमएच नगर थाना क्षेत्र के मेरही गांव में एक यूट्यूबर को बुलाकर उसके साथ मारपीट करने और मोबाइल छीन लेने का मामला प्रकाश में आया है. घटना ब्रह्मस्थान के समीप की है. पीड़ित यूट्यूबर का नाम स्वराज सिंह है, जिसकी घायलावस्था में फोटो के साथ खबर सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही है. हालांकि अभी भारत वायरल खबर की पुष्टि नहीं करता.

सोशल मीडिया में वायरल जानकारी के अनुसार, यूट्यूबर स्वराज सिंह अपने यूट्यूब चैनल पर हसनपुरा क्षेत्र में जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं. सोमवार को उन्हें मोबाइल नंबर 8294576227 से कॉल आया. ट्रूकॉलर पर कॉल करने वाले का नाम समीर कुमार पांडेय प्रदर्शित हो रहा था. कॉल करने वाले ने एक भूमि विवाद से संबंधित मामले की खबर बनाने के बहाने उन्हें बुलाया. आरोप है कि मौके पर पहुंचते हीं उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और डंडों से बेरहमी से पिटाई की गई. मारपीट इतनी गंभीर बताई जा रही है कि उनके शरीर पर गहरे चोट के निशान बन गये हैं.
बताया जाता है कि हमलावर चार की संख्या में थे और स्वराज सिंह के साथ मारपीट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद घायल स्वराज सिंह को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. वहीं एमएच नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, पीड़ित द्वारा आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).
Comments are closed.