Abhi Bharat

सीवान : बड़हरिया के दो अलग-अलग गांवों में आपसी विवाद को लेकर मारपीट, आधा दर्जन लोग घायल

सीवान || जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में रविवार की शाम हुई मारपीट की दो घटनाओं में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हरिया में भर्ती कराया गया, जहां एक व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सिवान रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है.

सुरवालिया गांव में बच्चों के विवाद ने लिया तूल

पहली घटना थाना क्षेत्र के सुरवालिया गांव की बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, बच्चों के खेल के दौरान हुए मामूली विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया. देखते हीं देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इस घटना में स्वर्गीय रामयादी भगत के पुत्र श्री राम प्रसाद (63 वर्ष), उनके पुत्र रंजीत कुमार, अमरेंद्र प्रसाद और रितेश प्रसाद घायल हो गए. इनमें श्री राम प्रसाद को गंभीर चोटें आई हैं. वहीं दूसरे पक्ष से कृष्ण कुमार सहित एक लड़की को भी मामूली चोट आई है. सभी का इलाज जारी है.

प्राणपुर में रास्ता विवाद में झड़प

वहीं दूसरी घटना थाना क्षेत्र के प्राणपुर गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई. इस घटना में फैयाज अहमद और एजाज अहमद (पिता बाबू जान अहमद) घायल हो गए. फैयाज अहमद के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि एजाज अहमद को हल्की चोटें आई हैं. घटना की सूचना मिलते हीं पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. दोनों घटनाओं में घायलों द्वारा थाना में आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है. पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है. (सीवान के बड़हरिया से राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.