सीवान : बसंतपुर बाजार में ज्वेलरी दुकान से 25 लाख की लूट, हथियार के बल पर वारदात
सीवान || जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र स्थित बसंतपुर बाजार में सोमवार को एक ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े लूटपाट की बड़ी घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, हथियार से लैस पांच-छः की संख्या में आए बदमाशों ने अरुण ज्वेलर्स नामक दुकान में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया.

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकान में मौजूद लोगों को भयभीत कर नगद रुपये और आभूषण सहित करीब 25 लाख रुपये की लूट कर फरार हो गए.।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग दुकान के पास जुट गए.
वहीं घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं लूट की घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाशों की गतिविधियां कैद होने की बात कही जा रही है. फिलवक्त, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. इस घटना के बाद बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).