सीवान : भाई के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, नौ माह पहले जेल में हुई थी मौ’त
सीवान || जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर गांव में शनिवार को एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या करने की धमकी दिए जाने से अफरा-तफरी मच गई. युवक का आरोप था कि उसके भाई की सीवान मंडलकारा में मौत हो जाने के नौ माह बाद भी पुलिस और जेल प्रशासन द्वारा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं दिया गया, जबकि वह और उसके परिवार के लोग अपने भाई की जेल में हुई मौत का कारण जानने के लिए डीएम और एसपी समेत अस्पताल और जेल के सभी अधिकारियों के पास दर्जनों बार गुहार लगा चुके हैं.

मोबाइल टावर पर चढ़े युवक की पहचान गांव के सैफ अली उर्फ लालू के रूप में हुई. युवक और उसके परिजनों की माने तो एक केस में जेल गए उसके भाई की जेल के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. लेकिन, आज तक उसके भाई की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं आई, जिससे कोर्ट में मामला लंबित है और उसके भाई मौत के सही कारण का पता नहीं चल सका. शासन और प्रशासन के इस लापरवाही और मनमानी पूर्ण रवैया से नाराज और त्रस्त होकर आज वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और मौके डीएम-एसपी को बुलाने की मांग करते हुए आत्महत्या की धमकी देने लगा.
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के होश उड़ गए. आनन-फानन में मौके पर मुफस्सिल थाना की पुलिस पहुंच उसे टावर से नीचे आने की गुजारिश करने लगी. लेकिन, युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा. वहीं उसके परिवार वालों का भी कहना था कि जब तक पुलिस उसके भाई की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट लाने की बात लिखित रूप में नहीं देगी तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा. हालांकि बाद में मीडियाकर्मियों द्वारा मौके पर पहुंच उसे नीचे उतरकर मीडिया में अपना बयान देने की बात कहने पर वह टावर से नीचे आया और अपनी समस्या मीडिया को बताया. बताया जाता है कि जेल में रहने के दौरान उसके भाई की तबियत खराब हो गई थी, जिसे जेल प्रशासन द्वारा उपचार के लिए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वहां से उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. वहीं पीएमसीएच ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पटना भेज दिया गया. लेकिन, आज तक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं आया. युवक के नीचे आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट लाने के लिए शीघ्र कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).