सीवान : ग्रामीणों ने हेडमास्टर को सार्वजनिक रूप से किया अपमानित, ट्यूशन में छात्रा से छेड़खानी का लगाया आरोप
सीवान || जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हौली गांव में प्राथमिक विद्यालय हरियामा के हेडमास्टर वीरेंद्र साह पर ट्यूशन पढ़ाने के दौरान एक छात्रा से छेड़खानी का आरोप लगाते हुए छात्रा के अभिभावक और लोगों द्वारा हेडमास्टर को अर्धनग्न कर कालिख पोत, जूते चप्पलों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की घटना सामने आयी है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि अभी भारत वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता.
वायरल वीडियो के अनुसार, हेडमास्टर ट्यूशन पढ़ाने के दौरान एक छात्रा के साथ छेड़खानी कर रहा था. छात्रा के अभिभावकों को जब घटना की जानकारी हुई तो वे मौके पर पहुंच गए और शिक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया. जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक के साथ जमकर नाराजगी जताते हुए उसके कपड़े उतरवाए, शरीर पर कालिख पोती और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे सड़क पर घुमाया. इस दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. वहीं घटना की सूचना मिलते हीं बसंतपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करते हुए हेडमास्टर को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में छात्रा व परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना के बाद क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है. अभिभावकों ने स्कूलों और ट्यूशन केंद्रों में कड़ी निगरानी की मांग की है. वहीं पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में न लेने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).