सीवान : पुलिस से मुठभेड़ में दो अपराधी घायल, पैर में लगी गोली, पटना रेफर
सीवान || जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर सीवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात अपराधियों को मुठभेड़ में घायल कर दिया. घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी के समीप की है, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं.

सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने छापेमारी की, तो मौके पर मौजूद अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दोनों अपराधियों के पैर में गोली लग गई. घायल अपराधियों की पहचान बड़हरिया निवासी रोहित शर्मा और रोहित उर्फ रिशु के रूप में हुई है. घायल दोनों अपराधियों को पहले सदर अस्पताल सीवान में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है.
घटना के बारे में सीवान एसपी पूरन कुमार झा ने बुधवार को प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि रोहित शर्मा पर लूट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य संभावित साथियों की तलाश की जा रही है. इस कार्रवाई को लेकर जिले में पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना की जा रही है, वहीं अपराधियों में भी हड़कंप मच गया है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).