सीवान : जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं, जमाखोरों पर जिला प्रशासन द्वारा होगी सख्त कार्रवाई
सीवान || जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण की वर्तमान स्थिति को लेकर जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने प्रेस वार्ता कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आम लोगों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है. जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है.

जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि पैनिक होकर अनावश्यक बुकिंग न करें और घरों में जरूरत से ज्यादा सिलेंडर का भंडारण न करें. उन्होंने कहा कि ऐसा करने से कृत्रिम संकट उत्पन्न होता है, जिससे अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है. प्रशासन ने कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जिलाधिकारी ने संकेत दिया कि इन मामलों में स्पीडी ट्रायल चलाकर जल्द सजा दिलाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे.
प्रेस वार्ता के दौरान प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का साथ दें. साथ ही, किसी भी असुविधा की स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है. इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी भी उपस्थित रहें. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).