Abhi Bharat

सीवान : जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं, 21 हजार से अधिक सिलेंडर उपलब्ध

सीवान || जिले में एलपीजी (रसोई गैस) की किल्लत की खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है. मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बताया कि जिले में कुल 21,114 घरेलू गैस सिलेंडर वर्तमान में उपलब्ध हैं.

उन्होंने जानकारी दी कि इंडेन (IOCL) के 30 वितरकों के पास 13,728 सिलेंडर, भारत गैस (BPCL) के 10 वितरकों के पास 4,947 सिलेंडर तथा HPCL के 8 वितरकों के पास 2,439 सिलेंडर उपलब्ध हैं. साथ ही, सभी एजेंसियों को प्रतिदिन गैस कंपनियों द्वारा निरंतर आपूर्ति की जा रही है.
डीएम ने स्पष्ट किया कि सभी गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित जांच एवं अनुश्रवण किया जा रहा है. जिले में घरेलू गैस की होम डिलीवरी सुचारू रूप से जारी है और इस पर प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने बताया कि सभी अनुमंडलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं तथा अनुमंडल पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी द्वारा औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है. निर्धारित मूल्य से अधिक पर गैस बिक्री या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई की जा रही है. जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया है कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित करें. गोदाम से सीधे गैस वितरण पर रोक लगाई गई है.

इसके अलावा, आम लोगों की सुविधा के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 संचालित है, जहां प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है. गैस से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1906 के अलावा संबंधित कंपनियों के हेल्पलाइन नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जमाखोरी, कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूली की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष के नंबर पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply