सीवान : पुलिस ने की लाइन होटल व ढाबों की सघन जांच, शराब के भंडारण के आरोप में चार गिरफ्तार
सीवान || जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा गुरुवार को व्यापक अभियान चलाया गया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिवान के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सड़क किनारे संचालित लाइन होटल और ढाबों की सघन जांच की गई. इस दौरान पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी कर होटल एवं ढाबों की तलाशी ली तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की, विशेष रूप से अवैध शराब के भंडारण और बिक्री पर पैनी नजर रखी गई.

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में मुफ्फसिल और सराय थाना की संयुक्त टीम ने सराय थाना क्षेत्र के वैशाखी चौक स्थित एक लाइन होटल में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान होटल में अवैध रूप से शराब का भंडारण एवं बिक्री करते हुए पाए जाने पर होटल संचालक समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, मौके से शराब भी बरामद की गई, पुलिस ने बताया कि इस संबंध में सराय थाना में मामला दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तार अभियुक्तों में अशराम प्रसाद साह (माहपुर, सराय), मोहित कुमार (माहपुर, सराय), बब्लू कुमार पांडेय (उज्जैना, बसंतपुर) तथा हिमांशु कुमार (राजवंशी नगर, पटना) शामिल हैं. वहीं मौके से तीन भरे हुए शराब के डिब्बे (180 एमएल), दो खाली डिब्बे एवं तीन प्लास्टिक ग्लास बरामद किए गए. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).