Abhi Bharat

सीवान : असांव में नए थानाध्यक्ष के आते हीं चर्चित गोलीकांड के नामजद अभियुक्त ने न्यायालय में किया सरेंडर

सीवान || जिले के असांव थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े सनसनीखेज मामले में एक नामजद आरोपी ने बुधवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.

बता दें कि मामला 27 मार्च 2026 का है, जब रविकांत सिंह को कुछ अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. घटना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मैरवा द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई. वहीं, उसी रात अपराधियों ने वादी के घर पर दोबारा गोलीबारी कर इलाके में दहशत फैला दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. जांच के दौरान यह सामने आया कि तत्कालीन थानाध्यक्ष द्वारा घटना की सही और समय पर जानकारी वरीय अधिकारियों को नहीं दी गई थी. इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया तथा नए थानाध्यक्ष की नियुक्ति की गई. नए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में मामले के उद्भेदन हेतु एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम द्वारा लगातार छापेमारी और दबिश के परिणामस्वरूप मामले के एक नामजद अभियुक्त पंचवेनिया निवासी बिहारी पांडेय उर्फ विवेक पांडेय ने बुधवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.

पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा पोक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पूर्व से मामले दर्ज हैं. फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply