सीवान : गुठनी के जतौर बाजार गोलीबारी मामले में प्राथमिकी दर्ज, तीन नामजद समेत चार पर केस
सीवान || जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के जतौर बाजार में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. इस घटना में सुनील सिंह को छः गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर के एक निजी चिकित्सालय ले गए. हालांकि रास्ते में गुठनी बाजार में परिजनों द्वारा कुछ देर तक हंगामा भी किया गया.

वहीं घटना की सूचना मिलते ही दरौली विधानसभा क्षेत्र के लोजपा विधायक विष्णुदेव पासवान मौके पर पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे. पुलिस ने घायल सुनील सिंह के बयान के आधार पर गुठनी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. दर्ज प्राथमिकी में थाना क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य रीना देवी के पति तथा पूर्व उप-ब्लॉक प्रमुख अवध बिहारी सिंह उर्फ बिहारी सिंह समेत तीन नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है.
फिलवक्त, पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. उधर, घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है. पंचायत चुनाव नजदीक आने के कारण लोग इस गोलीबारी को उसी से जोड़कर देख रहे हैं और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं. वहीं आरोपी अवध बिहारी सिंह उर्फ बिहारी सिंह के समर्थकों का कहना है कि प्रखंड में त्रिस्तरीय पंचायत सहित अन्य चुनावों में उनकी प्रभावशाली भूमिका रही है, जिसके कारण पूरे प्रखंड के जनप्रतिनिधियों के बीच उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है. ऐसे में इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).