Abhi Bharat

सीवान : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से वृद्ध महिला की मौ’त, बाइक को घटना स्थल पर छोड़ भागे बाइक सवार

सीवान || जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई. घटना बड़हरिया-बरौली मुख्य मार्ग पर तेतहली और सुराहिया के बीच स्थित एक मजार के पास हुई. हादसे के बाद बाइक सवार चार युवक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए. मृतका की पहचान तेतहली पश्चिम टोला निवासी मरहूम रुस्तम अली की 72 वर्षीय पत्नी नूरनेश खातून के रूप में हुई है.

बताया जाता है कि गुरुवार शाम करीब 5 बजे नूरनेश खातून अपने घर से बड़हरिया बाजार की ओर जा रही थीं. इसी दौरान बड़हरिया की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें सामने से जोरदार टक्कर मार दी. बाइक पर चार युवक सवार थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए. स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के तुरंत बाद बाइक सवार चारों युवक अपनी बाइक घटनास्थल पर हीं छोड़कर फरार हो गए. ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल बड़हरिया सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया. लेकिन, वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया.

वहीं घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं ग्रामीणों ने तेज रफ्तार और लापरवाह बाइक चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. बड़हरिया थाना प्रभारी छोटन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलवक्त, पुलिस बाइक की पहचान करने और फरार युवकों की तलाश में जुटी हुई है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply