Abhi Bharat

सीवान : फतेहपुर दुर्गा मंदिर के पास गाय का आतंक, दर्जनों लोग घायल

सीवान || नगर के फतेहपुर दुर्गा मंदिर के समीप विगत कई दिनों से एक गाय आम लोगों के लिए खतरा बनी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्ते के काटने के बाद गाय की हालत बिगड़ गई है और वह राहगीरों को दौड़ा-दौड़ाकर हमला कर रही है. अब तक दर्जनों लोग इस गाय के हमले का शिकार हो चुके हैं, जिनमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मंगलवार को भी उस गाय ने आधा दर्जन से अधिक लोगों पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है. लोग भय के कारण उस रास्ते से गुजरने से बच रहे हैं. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी पूर्व में भी प्रशासन को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गाय को तत्काल पकड़कर गौशाला भेजा जाए तथा उसका उचित चिकित्सीय उपचार कराया जाए, ताकि गाय और आमजन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

फिलहाल, क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है और आम नागरिकों से सावधानी बरतने की भी अपील की गई है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply