Abhi Bharat

सीवान : बड़हरिया बाजार में नाला निर्माण में अनियमितता का आरोप, आक्रोशित लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन

सीवान || जिले के बड़हरिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 में मुख्य बाजार स्थित सड़क किनारे हॉस्पिटल से जामो चौक तक बनने वाले नाले के निर्माण में घोर अनियमितता का मामला सामने आया है. यह नाला मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत हुडको की एजेंसी द्वारा बनाया जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाला निर्माण कार्य मानक के अनुसार नहीं कराया जा रहा है और एजेंसी द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है.

ग्रामीणों के अनुसार, नाले के दोनों तरफ मजबूत दीवार बनाने के लिए बालू, गिट्टी, कंक्रीट और सरिया का उपयोग होना चाहिए, लेकिन एजेंसी द्वारा मात्र पांच इंच की ईंट की दीवार खड़ी कर उस पर एक से दो इंच सीमेंट, बालू और गिट्टी से ढलाई की जा रही है, जिससे ईंटें बाहर से ही दिखाई दे रही हैं.
लोगों का कहना है कि नाला का निर्माण बड़हरिया के विकास के लिए किया जा रहा है, लेकिन इस तरह की घटिया निर्माण से विकास के बजाय बाजार के लिए खतरा पैदा हो सकता है. उनका कहना है कि इस प्रकार के निर्माण से नाला एक या दो वर्षों के भीतर ही ध्वस्त हो सकता है. घटिया निर्माण को लेकर गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर विरोध जताया. इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ अनिल कुमार गिरी ने नाला निर्माण की तस्वीरें जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय को भेजकर मामले की जांच कराने की मांग की. डॉ अनिल कुमार गिरी ने कहा कि नीतीश-मोदी की सरकार में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि किसी भी निर्माण कार्य को शुरू करने से पहले एजेंसी का नाम, लागत राशि, निर्माण की सीमा (कहां से कहां तक) तथा किस वार्ड में कार्य हो रहा है, इसकी जानकारी वाला बोर्ड लगाना अनिवार्य है, लेकिन यहां ऐसा कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है. उन्होंने कहा कि बिना सूचना बोर्ड लगाए ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे यह प्रतीत होता है कि नाला निर्माण में गंभीर अनियमितता बरती जा रही है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.

मौके पर ओमप्रकाश पांडेय, अनिल मिश्रा, मुन्ना प्रसाद, सुनील मिश्रा, कामरान अहमद, राम अयोध्या प्रसाद, आफताब आलम एवं नूर बशर अहमद सहित अन्य लोग शामिल थे. (सीवान के बड़हरिया से राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply