सीवान : बड़हरिया में नहर पुल में गिरने से बाइक सवार घायल, ग्रामीणों ने की रेलिंग निर्माण की मांग
सीवान || जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के बड़हरिया-तरवारा मुख्यमार्ग स्थित पट्टी भलूआ गांव के समीप बिना रेलिंग के नहर पुलिया में अनियंत्रित होकर एक बाइक चालक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक थाना क्षेत्र के हरदोबारा का रहने वाला बताया जाता है.
मिली जानकारी के अनुसार, युवक अपना काम निपटाकर बड़हरिया बाजार से वापस अपने घर हरदोबारा लौट रहा था, तभी बिना रेलिंग के पुलिया को समझ नहीं पाया और सीधे उसमें बाइक समेत गिर गया. मौके पर स्थानीय लोगों ने उसे नहर पुल से बाहर निकलवाया और इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं युवक के गिरने और घायल होने से स्थानीय ग्रामीण नाराज हो गए और प्रशासन व विभाग से नहर पर पुलिया का निर्माण की मांग करने लगे.
बताते चले कि इस घटना के पहले पुलिया नहीं रहने से अनेक बार बाइक चालक, टेंपू, रिक्शा सहित अन्य सवारी गाड़ी कई बार उस नहर में गिर चुके हैं. ग्रामीण टुन्ना अंसारी, अर्जुन पंडित, मुन्ना अंसारी, वार्ड सदस्य रौशन कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि 2014 में जीवी नगर थाना क्षेत्र के एक गांव से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओरमा गांव जा रही एक
बारात भरी बस उसी नहर में जा गिरी थी, जिससे एक बाराती की मौत दबने से मौत हो गई थी वही दर्जन भर बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसको स्थानीय लोगों ने नाराज होकर सड़क जाम कर दिया था. इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर सड़क जाम को हटवाया था. लेकिन, 12 वर्ष बीत जाने के बाद भी नहर पुलिया पर रेलिंग का निर्माण नहीं हो सका है. जिससे आए दिन घटनाएं घटित होती रहती है. ग्रामीणों ने बताया कि अगर किसी बड़ी घटना घटित होती है तो इसकी जिम्मेवार प्रशासन होगे. हालांकि नहर का पक्की करण होने के बाद और रेलिंग का निर्माण नहीं होने से वह जगह और खतरनाक बन चुका है. (बड़हरिया से राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).