कैमूर : रामगढ़ में जंगली सूअर ने मचाया आतंक, चार ग्रामीण और दो मवेशी घायल
कैमूर/भभुआ || जिले के रामगढ़ प्रखंड के नरहन गांव में जंगली सूअर के हमले में चार ग्रामीण और दो मवेशी घायल हो गए. घायलों को रामगढ़ रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां एक ग्रामीण की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

वहीं घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह और वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और घायलों का हालचाल जाना. पूर्व विधायक ने बताया कि सरकार की नीति के अनुसार, वन्यजीवों के हमले में घायल व्यक्ति को 80,000 रुपये और मवेशी के नुकसान पर 20 से 25 हजार रुपये का चिकित्सा सहायता अनुदान दिया जाएगा.
फिलवक्त, वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है. टीम ने बताया कि पीड़ितों को अविलंब सहायता राशि प्रदान की जाएगी. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).