Abhi Bharat

कैमूर : जिले में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु की जा रही औचक छापेमारी, वर्तमान में 2487 सिलेंडर उपलब्ध

कैमूर / भभुआ || जिले में एलपीजी (रसोई गैस) की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं उपभोक्ता हित में सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.

सोमवार को जिले में कुल 5212 गैस सिलेंडर उपलब्ध थे, जिनमें से 2725 सिलेंडरों का सफलतापूर्वक वितरण किया जा चुका है तथा शेष का वितरण जारी है, वर्तमान में 2487 सिलेंडर उपलब्ध हैं. वर्तमान में कुल 16187 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है, जिसे अगले 2-3 दिनों में निष्पादित करने का प्रयास किया जा रहा है. गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित निवारण हेतु जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है (दूरभाष: 06189-222080), दिनांक 14.03.2026 से अब तक प्राप्त 440 शिकायतों में से 331 का निष्पादन किया जा चुका है तथा शेष शिकायतों का निवारण 24 घंटे के भीतर किया जा रहा है.

जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के नेतृत्व में गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. बता दें कि सोमवार तक कुल 176 प्रतिष्ठानों (गैस एजेंसी, होटल, रेस्टोरेंट आदि) की जांच/छापेमारी की गई है, जांच के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग का मामला नहीं पाया गया, सभी प्रतिष्ठानों द्वारा व्यावसायिक सिलेंडर एवं अन्य वैध ईंधनों का ही उपयोग किया जा रहा है.

वहीं रामपुर प्रखंड में की गई छापेमारी के दौरान अवैध गैस कारोबार में संलिप्त एक व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए 9 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं. शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, साथ ही ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है. अनुमंडल भभुआ एवं मोहनिया में गैस वितरण व्यवस्था के सुचारू संचालन हेतु दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है,जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर नियंत्रण कक्ष में सूचित करें तथा प्रशासन का सहयोग करें. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply