कैमूर : इलाज के दौरान मरीज की मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगा परिजनों ने किया हंगामा, घंटों रहा हाईवे लिंक रोड जाम
कैमूर / भभुआ || जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्यालय बाजार स्थित प्रकाश हॉस्पिटल में सोमवार को एक 55 वर्षीय व्यक्ति की इलाज करने दौरान मौत हो गई. जिससे परिजनों में काफी आक्रोश छा गया और परिजनों ने बड़ा हंगामा करते हुए शव को राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 19 पर रखकर हाईवे को जाम कर दिया. परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया.मृतक की पहचान बिछिया गांव निवासी राम इकबाल कुशवाहा उम्र 55 वर्ष के रूप में की गई.

इधर घटना की जानकारी मिलते हीं मौके पर मोहनियां एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी एवं डीएसपी प्रदीप कुमार पहुंचे. जहां परिजनों से बातचीत कर हाईवे को खाली कराया. मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को प्रकाश हॉस्पिटल में सांस फूलने की शिकायत को लेकर राम इकबाल कुशवाहा को भर्ती कराया गया था. वहीं इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई. हालांकि परिजनों का कहना है कि अस्पताल के चिकित्सक के द्वारा मरीज को रेफर नहीं किया गया, जबकि हम लोग बेहतर इलाज के लिए बार-बार रेफर के लिए कोशिश कर रहे थें. मृतक के रिश्तेदार अक्षय मौर्य ने बताया कि मरीज की मौत अस्पताल के चिकित्सक की लापरवाही के कारण हुआ है. ससमय रहते हुए अगर चिकित्सक के द्वारा मरीज को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया जाता तो शायद जान बच गई होती.
वहीं घटना के बाद परिजनों के द्वारा शव को राष्ट्रीय राजमार्ग एन एच-19 पर रखकर जाम कर दिया गया. हालांकि थोड़ी देर बाद हीं जिला प्रशासन मौके पर पहुंच कर आश्वासन देते हुए जाम को खाली कराया. वहीं मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि दुर्गावती में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच 19 को जाम कर दिया था, फिलहाल सभी को समझाकर जाम को हटवा दिया गया है. मामले की जांच किया जा रहा है जो भी सच सामने आएगा उस अनुसार कार्रवाई की जाएगी. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).