Abhi Bharat

कैमूर : नौकरी दिलाने के नाम पर किशोरी को राजस्थान ले जाकर दो लाख रुपये लेकर जबरदस्ती कराई शादी, पुलिस ने किशोरी को किया बरामद, एक गिरफ्तार

कैमूर/भभुआ || जिले से बड़ी खबर है, जहां नौकरी दिलाने के नाम पर एक किशोरी को बहला कर राजस्थान ले जाकर वहां 2 लाख रुपये लेकर किसी और से किशोरी की जबरदस्ती शादी करने का मामला सामने आया है. परिजनों की शिकायत पर कैमूर पुलिस ने किशोरी को एक सप्ताह में राजस्थान से बरामद करते हुए मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. वहीं गिरोह के बाकी लोगों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की तलाश जारी है.

इस मामले पर मंगलवार को प्रेसवार्ता करते हुए भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने बताया कि एक हफ्ता पहले पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के पास चैनपुर थाना क्षेत्र के जगरिया गांव के कुछ लोग गए थे. जहां उन्होंने बताया कि उनके परिवार की एक नाबालिक बच्ची को राजस्थान के सीकर जिला का रहने महेश कुमार नाम का एक व्यक्ति नौकरी देने के नाम पर बहला फुसलाकर राजस्थान ले गया है और वहां किसी व्यक्ति से किशोरी का जबरदस्ती शादी करवा दिया है. इसके बाद कैमूर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चैनपुर थानाध्यक्ष एवं कुछ महिला पुलिसकर्मियों की एक टीम गठित कर कार्रवाई करते हुए कैमूर पुलिस ने किशोरी को राजस्थान के चुरा जिला के खरियाबाद बस्ती से शाकुशल बरामद किया. साथ हीं उस जगह से उक्त किशोरी को अपने कब्जे में रखने वाले एक व्यक्ति, खारियाबाद का रहने वाला सुभाष भामू को गिरफ्तार किया गया. वहीं गिरफ्तार व्यक्ति सुभाष भामू से पूछताछ में पता चला कि महेश कुमार ने उससे किशोरी के बदले दो लाख रुपए लिया है और उसके बदले मेरी शादी करवाई है.

डीएसपी ने बताया कि महेश कुमार नाम का जो व्यक्ति है वह एक गिरोह के तहत काम करता है. वह इसी मकसद से कैमूर में आया था. एक गिरोह के तहत यह लोग ऐसी घटना को अंजाम देते हैं. पुलिस द्वारा इस गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम पता का सत्यापन एवं उनके गिरफ्तारी हेतु कार्रवाई की जा रही है. साथ हीं बरामद किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण और माननीय न्यायालय में बयान करवाने की कार्रवाई की जा रही है. एसपी ने बताया कि इस टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply