Abhi Bharat

कैमूर : प्रेमी से तंग आकर प्रेमिका ने रची हत्या की साजिश, अपराधियों ने प्रेमी के बजाए दूसरे युवक की कर दी गोली मारकर हत्या, प्रेमिका सहित चार गिरफ्तार

कैमूर/भभुआ || जिले से बड़ी खबर है, जहां प्रेमी से तंग आकर प्रेमिका ने प्रेमी की हत्या की रची थी साजिश, प्रेमिका के कहने पर आरोपियों ने प्रेमी समझ कर दूसरे युवक सुशील चौरसिया की गोली मारकर कर दी थी हत्या. एसपी हरिमोहन शुक्ला ने किया मामले का खुलासा. एक नाबालिक बालक एवं प्रेमिका सहित चार अपराधी हुए गिरफ्तार.

रविवार को भगवानपुर थाना में कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि 21 जनवरी को भगवानपुर बाजार में संध्या में चांद थाना क्षेत्र के करवनिया गांव निवासी सुशील चौरसिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मृतक के पिता के बयान पर भगवानपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद पुलिस द्वारा एक टीम बनाकर मामले की जांच की जाने लगी. इसी बीच भगवानपुर बाजार में लगाए गए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई. जिसके बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त एक नाबालिक बालक चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. साथ हीं घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल एवं अपराध कर्मियों का पहना हुआ कपड़ा भी बरामद किया है.

गिरफ्तार अभियुक्तों में चैनपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी सुहेल खान, चांद थाना क्षेत्र के दोबहा गांव निवासी आशीष पांडेय एवं भगवानपुर गांव निवासी सृष्टि कुमारी तथा एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया गया. वहीं गिरफ्तार अभियुक्त सोहेल खान से पूछताछ किया गया तो उसके द्वारा बताया गया कि सृष्टि कुमारी से उसकी करीब छः माह पुरानी जान पहचान है. सृष्टि कुमारी का पूर्व से उसके घर के सामने रह रहा प्रेम पासी से प्रेम प्रसंग था. इसी बीच सृष्टि कुमारी की शादी होने वाली थी. प्रेम पासी उसकी शादी नहीं होने देना चाहता था और उसको ब्लैकमेल कर रहा था. जिससे सृष्टि कुमारी काफी परेशान रहती थी. इसी से तंग आकर सृष्टि कुमारी ने सोहेल खान से संपर्क किया और प्रेम पासी को मारने के लिए कहा, जो की सोहेल खान सृष्टि कुमारी को बहन की तरह मानता था और सृष्टि कुमारी द्वारा बार-बार फोन कर प्रेम पासी को मारने के लिए कहा जाने लगा. इसीलिए अभियुक्त सोहेल खान ने घटना के पूर्व भी दो बार अकेले और एक बार आशीष पांडेय के साथ मिलकर प्रेम पासी को मारने का प्रयास किया परंतु सफलता नहीं मिली. वहीं घटना के दिन सोहेल खान आशीष पांडेय के साथ मिलकर आशीष पांडेय के मोटरसाइकिल से भगवानपुर घटनास्थल पर पहुंचा, जिसमें लाइनर का काम एक नाबालिक बालक कर रहा था और प्रेम पासी का लोकेशन दे रहा था. दोनों अपराध कर्मी प्रेम पासी का लोकेशन पाकर घटना स्थल पर पहुंचे जहां प्रेम पासी अपना मोटरसाइकिल मुन्ना मिस्त्री के दुकान के सामने खड़ा कर मुन्ना मिस्त्री की दुकान के अंदर में चला गया और मृतक सुशील कुमार प्रेम पासी के मोटरसाइकिल के पास ठंड के कारण मुंह में मफलर लपेटकर खड़ा था. इसी दौरान दोनों अपराधकर्मी बाइक पर सवार होकर आए और मृतक सुशील कुमार को प्रेम पासी समझकर गोली मार दी. गोली मारकर दोनों भभुआ दतियांव के रास्ते होते हुए अपने गांव चले गए. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply