Abhi Bharat

गोपालगंज : देसी कट्टा व बाइक के साथ युवक गिरफ्तार

गोपालगंज || जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है. इसी क्रम में बरौली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां थानाध्यक्ष अल्का सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया.

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्र के खजुरिया छोटका बढ़ेया जाने वाले मुख्य मार्ग पर प्रेमनगर आश्रम के समीप एक युवक संदिग्ध अवस्था में हथियार के साथ मौजूद है. सूचना मिलते हीं थानाध्यक्ष अल्का सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया. साथ हीं एक बाइक भी जब्त की गई. गिरफ्तार युवक की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के खजुरिया बाजार निवासी मेराज अली के रूप में की गई है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

वहीं इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी हथियार कहां से लाया और उसका उद्देश्य क्या है. (गोपालगंज से हितेश कुमार की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply