गोपालगंज : अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, ट्रैक्टर जब्त करने के दौरान हंगामा, वीडियो वायरल
गोपालगंज || जिले में अवैध खनन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया. बताया जा रहा है कि खनन विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना अनुमति के बालू का खनन कर ट्रैक्टर के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है. सूचना के आधार पर विभागीय कर्मियों ने छापेमारी की और मौके से अवैध खनन कर ले जाए जा रहे ट्रैक्टर को पकड़ लिया.
वहीं कार्रवाई के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब खनन के आरोपी ने ट्रैक्टर को छुड़ाने की कोशिश की. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी और खनन विभाग के कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि अभी भारत वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
सूत्रों के मुताबिक, विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. आरोपी के खिलाफ अवैध खनन और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में मामला दर्ज करने की तैयारी की जा रही है. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
खनन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. वहीं, वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच भी की जा रही है. (गोपालगंज से हितेश कुमार की रिपोर्ट).
Comments are closed.