गोपालगंज : शॉर्ट सर्किट से डीजल गोदाम में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर खाक
गोपालगंज : जिले के नगर थाना क्षेत्र के सरेया वार्ड नंबर 1 में शॉर्ट सर्किट से डीजल गोदाम में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते गोदाम में रखे डीजल के ड्रम और अन्य सामान धू-धू कर जलने लगे. घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी.
वहीं सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. दमकल विभाग की दो गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया. आग की चपेट में आकर गोदाम में रखी लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.
फिलवक्त, पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित करने के साथ आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिजली उपकरणों की नियमित जांच कराएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. (गोपालगंज से हितेश कुमार की रिपोर्ट).
Comments are closed.