बेतिया : एलपीजी सिलेंडर से भरे इंडेन गैस के ट्रक ने सड़क पर बरपाया कहर, बाइक सवार महिला की कुचलकर मौ’त, कई घायल
बेतिया || पश्चिमी चंपारण जिले से बड़ी खबर है, जहां रविवार की देर शाम जिला मुख्यालय स्थित सुप्रिया रोड पर एलपीजी सिलेंडरों से भरे इंडेन गैस कंपनी के एक ट्रक ने सड़क पर कहर बरपाते हुए कई मोटरसाइकिलों को रौंद दिया. वहीं एक बाइक के ट्रक के नीचे आ जाने के कारण उसपर सवार एक महिला की दर्दनाक मौ’त हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार की शाम सवा छः बजे के करीब बेतिया के सुप्रिया रोड पर एलपीजी सिलेंडरों से भरे इंडेन गैस कंपनी का एक ट्रक अनियंत्रित होकर एक बाइक में धक्का मार दिया, जिसके बाद ट्रक चालक ट्रक को बेतरतीब ढंग से भगाने लगा. इस दौरान उसने एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल को भी धक्का मारा. वहीं सड़क पर ट्रक के बेकाबू होकर दौड़ने से सड़क पर अफरातफरी मच गई. इसी बीच ट्रक चालक ने एक और बाइक को धक्का मारते हुए उसके ऊपर ट्रक को चढ़ा डाला. हादसे में बाइक चालक दूर फेंका गया, जबकि बाइक पर पीछे बैठी एक महिला ट्रक के पहिए की चपेट में आकर बुरी तरह से उसके अंदर पिस गई.

वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक को वहीं खड़ा कर फरार हो गया, जबकि ट्रक के अंदर बैठे खलासी को लोगों ने पकड़ लिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस समेत कई अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की भीड़ से खलासी को अपने कब्जे ले लिया. फिलवक्त पुलिस और प्रशासन द्वारा राहत और बचाव के कार्य शुरू कर दिए गए. अपुष्ट खबरों के मुताबिक, हादसे में करीब आधे दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. (ब्यूरो रिपोर्ट).