Abhi Bharat

दिल्ली : चलती बस में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, बिहार के गोपालगंज आरटीओ में रजिस्टर्ड है बस, चालक और कंडक्टर गिरफ्तार

दिल्ली || राजधानी दिल्ली में एक बार फिर चलती बस में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई है. घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है. जिस बस में वारदात हुई, वह बिहार के गोपालगंज आरटीओ में रजिस्टर्ड बताई जा रही है. घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

मिल जानकारी के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल बस का नंबर BR-28P 3941 है, जिसे Royal Travels एंड Cargo कंपनी संचालित कर रही थी. घटना दिल्ली के रानी बाग इलाके में हुई. पीड़िता पीतमपुरा की रहने वाली बताई जा रही है, जो मंगोलपुरी स्थित एक फैक्ट्री में काम करती है. सोमवार रात ड्यूटी समाप्त कर घर लौटने के दौरान आरोपितों ने महिला को जबरन बस में खींच लिया. आरोप है कि बस के अंदर करीब दो घंटे तक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. बस में पर्दे लगे होने और सीसे बंद रहने के कारण बाहर किसी को घटना की भनक नहीं लगी. वारदात के बाद पीड़िता को नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया.

वहीं मामले की सूचना मिलते हीं दिल्ली पुलिस हरकत में आई और बस चालक उमेश तथा हेल्पर/कंडक्टर रामेंद्र को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 70(1) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस ने बस को जब्त कर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है. साथ हीं यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय बस में और कौन-कौन मौजूद था तथा क्या इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. (लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply