Abhi Bharat

सीवान : एसपी पूरन कुमार झा ने असांव थानाध्यक्ष रंजीत कुमार साह को किया निलंबित, कर्तव्य में लापरवाही का आरोप, संतोष कुमार बने नए थानाध्यक्ष

सीवान || जिले से बड़ी खबर है, जहां कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में असांव थाना के थानाध्यक्ष रंजीत कुमार साह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. वहीं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नए थानाध्यक्ष की तैनाती भी कर दी गई है.

मिली जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को असॉव थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना के मामले में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 मैरवा द्वारा जांच प्रतिवेदन समर्पित किया गया था. इस घटना के संबंध में असांव थाना कांड संख्या 59/26 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. बताया गया कि 28 मार्च को पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा एवं विधि-विज्ञान प्रयोगशाला की टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण भी किया गया. इसके बावजूद उसी रात अपराधियों ने पुनः वादी के घर पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया. जांच में पाया गया कि थानाध्यक्ष द्वारा इस गंभीर घटना को प्राथमिकता नहीं दी गई, न हीं वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई और न हीं दूसरी घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई. साथ हीं पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. वहीं मामले की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा की गई समीक्षा में थाना स्तर पर लापरवाही, कर्तव्यहीनता और मनमानी स्पष्ट रूप से सामने आई. इसके आधार पर पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने थानाध्यक्ष रंजीत कुमार साह को निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, सीवान निर्धारित किया है.

इधर, असांव थाना में थानाध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण प्रशासनिक सुगमता और बेहतर कानून-व्यवस्था के मद्देनजर बड़हरिया थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार (2018 बैच) को नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. उन्हें तत्काल प्रभाव से पदभार ग्रहण कर योगदान प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है. इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत गया है कि पुलिस प्रशासन कर्तव्य में लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply