कैमूर : अधौरा जाने के दौरान पिकअप पलटी, पांच लोग घायल, सभी सदर अस्पताल में भर्ती
कैमूर / भभुआ || जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के बानोदा गांव से दक्षिण छलका के समीप बुधवार को एक पिकअप वाहन पलट जाने से पांच लोग घायल हो गए. सभी घायलों को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अधौरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया. वर्तमान में सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, बानोदा गांव के कुछ ग्रामीण पिकअप वाहन से अपने गांव से अधौरा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बानोदा गांव से दक्षिण स्थित छलका के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया. हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. घटना में जग कुमारी देवी (पति-खरभर सिंह), खरभर सिंह (पिता-स्व छगूर सिंह), मोतिया बिंद (पति-मुखिया सिंह), सीता सिंह (पिता-स्व श्याम सुंदर सिंह), सभी निवासी बानोदा गांव तथा सुनीता देवी (पति-प्रिन्स कुमार), निवासी पड़री, थाना भगवानपुर घायल हो गईं. वहीं स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अधौरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज किया. घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर वाहन का संतुलन बिगड़ जाने के कारण चालक पिकअप पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे वाहन पलट गया. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है. हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).