गोपालगंज : तेज रफ्तार स्कूल बस घर में घुसी, दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत, गर्भवती महिला गंभीर घायल
गोपालगंज || जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहड़ा पंचायत के डुमरिया गांव में एक तेज रफ्तार स्कूल बस अनियंत्रित होकर एक रिहायशी घर में जा घुसी, जिससे बड़ा हादसा हो गया. इस दर्दनाक दुर्घटना में घर में मौजूद दो मासूम बच्चों की मौके पर हीं मौत हो गई, जबकि एक गर्भवती महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अत्यधिक गति में थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी, जिसके बाद सीधे घर की दीवार तोड़ते हुए भीतर घुस गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. वहीं घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है.
उधर, स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने स्कूल बसों की तेज रफ्तार पर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषी चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी. (गोपालगंज से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).