Abhi Bharat

सीवान : बड़हरिया में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हरदिया शिव मंदिर और राम जानकी मठ में हर्षोल्लास के साथ मेला संपन्न

सीवान || जिले के बड़हरिया प्रखंड में महाशिवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया. प्रखंड के हरदिया स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर तथा राम जानकी मठ परिसर में अवस्थित शिवालय में भव्य मेले का आयोजन हुआ, जिसमें सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से शिवालय गुंजायमान रहे. भक्तजन लोटे में गंगाजल, बेलपत्र, भांग, धतूरा, बेर सहित अन्य पूजन सामग्रियां लेकर जलाभिषेक करते नजर आए.

श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की. वहीं महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रखंड के सभी शिवालयों को रंग-रोगन कर ध्वज एवं फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया था. यमुनागढ़ स्थित महाकाल शिव मंदिर, कोइरी गांवा शिव मंदिर, सदरपुर शिव मंदिर, पहाड़पुर शिव मंदिर, खानपुर शिव मंदिर, सावना शिव मंदिर, ज्ञानी मोड़ स्थित शिव मंदिर, कैल गढ़ शिव मंदिर तथा भलुआ शिव मंदिर सहित अन्य स्थानों पर भी महिला, पुरुष और युवाओं की भारी भीड़ देखी गई.

वहीं, बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार के नेतृत्व में विभिन्न शिवालयों पर पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात रहे, जिससे मेले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रही. मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन माता पार्वती की तपस्या सफल हुई थी और इसी दिन भगवान भोलेनाथ का विवाह माता पार्वती के साथ संपन्न हुआ था. इसी उल्लास में भक्तगण इस दिन जलाभिषेक कर भगवान शिव को प्रसन्न करते हैं. ऐसी भी मान्यता है कि महाशिवरात्रि पर विधि-विधान से पूजा करने और जलाभिषेक करने से रोग, कष्ट और दुख दूर होते हैं तथा परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और वैभव की प्राप्ति होती है.

महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़हरिया प्रखंड का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा और मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका. वहीं राम जानकी मठ स्थित शिवालय पर मठाधीश महंत भगवान दास, पूर्व मुखिया वीरेंद्र साह, सुनील चंद्रवंशी, अनिल मिश्रा, किशोर श्रीवास्तव, अखिलेश्वर सिंह, उपेंद्र मिश्रा, अनिकेत तिवारी उर्फ भोलू, हरदिया स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर पर पूजा समिति के लालेश्वर पांडेय, सुरेश पांडेय, ललन पांडेय, पप्पू पटेल व मनोरंजन पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें. (बड़हरिया से राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply