Abhi Bharat

सीवान : थावे के स्कॉर्पियो चालक की बड़हरिया में चाकू मारकर ह’त्या, इलाके में सनसनी

सीवान || जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के पनीसरा-सुंदरी सड़क किनारे एक मुर्गी फार्म के समीप सुनसान जगह पर एक स्कार्पियो चालक की बदमाशों ने गर्दन पर चाकू मारकर हत्या कर दी और वाहन छोड़कर फरार हो गए. मृतक की पहचान गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के पैठान पट्टी गांव निवासी महमद रफीक के पुत्र स्कॉर्पियो चालक अफसर अली उर्फ पप्पू के रूप में हुई. इस निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है. मृतक अपनी स्कॉर्पियो (नंबर BR 28 AG 7406) को भाड़े पर चलाते थे.

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब 9 बजे दो व्यक्ति थावे से सीवान जाने के लिए उनकी गाड़ी भाड़े पर लेकर निकले थे. रास्ते में पनीसरा के समीप सुनसान स्थान पर दोनों ने चालक को गाड़ी से उतारकर गर्दन पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए. घटना के कुछ घंटों बाद आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों को भी सूचित किया गया. सूचना पर पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह सहित अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. शव की पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई. परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर बदहवास हो गए. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया गया.

बताया जाता है कि अफसर अली हाल हीं में विदेश से छुट्टी पर घर आए थे और अपनी स्कॉर्पियो चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे, जानकारी के अनुसार उन्हें अगले दिन फिर से विदेश रवाना होना था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई. घटनास्थल पर पुलिस कप्तान का पहुंचना मामले की गंभीरता को दर्शाता है. फिलवक्त, पुलिस हत्या के कारणों और फरार आरोपियों की पहचान के लिए हर पहलू से जांच कर रही है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी. (सीवान के बड़हरिया से राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.