सीवान : भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में खू’नी संघर्ष, बुजुर्ग समेत तीन घायल
सीवान || जिले के महादेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत आकोपुर गांव में शुक्रवार को आपसी रंजिश और पुराने विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक बुजुर्ग व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके बेटे और पत्नी को भी चोटें आई हैं. घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मिली जानकारी के अनुसार, आकोपुर निवासी फुलजाद मियां (61 वर्ष) शुक्रवार दोपहर नमाज अदा कर घर लौटे थे और दरवाजे पर बैठे हुए थे. इसी दौरान उनके पट्टीदार शमशेर अंसारी, गुलजार अंसारी और नमुना खातुन लाठी-डंडा, हसुआ और लोहे के सरिया से लैस होकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया.
हमले में फुलजाद मियां के सिर पर सरिया से जोरदार प्रहार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया और वे बेहोश होकर गिर पड़े. आरोप है कि गुलजार अंसारी ने उन्हें लाठी से भी पीटा. बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे नसरुल्लाह अंसारी का दांत टूट गया, जबकि पत्नी अमीना खातुन के पीठ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं. परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद फुलजाद मियां को निजी चिकित्सक के पास रेफर किया गया. चिकित्सकों के अनुसार उनके दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई है, जिसका सर्जरी के जरिए इलाज चल रहा है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष लंबे समय से गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देता आ रहा है, जिससे पूरा परिवार दहशत में जीवन जीने को मजबूर है.
वहीं घटना को लेकर पीड़ित फुलजाद मियां ने महादेवा थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर शांति व्यवस्था बहाल करने की मांग की है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).