सीवान : सुंदरकांड पाठ के साथ ‘गांव की मिट्टी मिटने नहीं देती’ पुस्तक का विमोचन
सीवान || जिले के उखाई पश्चिम पट्टी गांव में रविवार को सुंदरकांड पाठ, पूजा-अर्चना एवं पुस्तक विमोचन समारोह का भव्य आयोजन किया गया. इस दौरान वॉशिंगटन, डीसी निवासी लेखक सांता मिश्रा की पुस्तक “गांव की मिट्टी मिटने नहीं देती” का विधिवत विमोचन किया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत करीब तीन घंटे तक चले सुंदरकांड पाठ एवं विशेष पूजा-अर्चना से हुई. इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि लोग अपने गांव और जड़ों से जुड़े रहें तथा अपनी मिट्टी को न भूलें. वहीं पुस्तक के बारे में बताया गया कि “गांव की मिट्टी मिटने नहीं देती” ग्रामीण जीवन, संस्कृति और अपनेपन की भावना को दर्शाती है. यह पुस्तक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म Amazon पर भी उपलब्ध है, जिससे पाठक इसे आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग एवं पत्रकार भी मौजूद रहें, जिनमें विजय कुमार पांडेय, अशोक प्रियंवद, पत्रकार कृष्णा समेत अन्य लोग शामिल थे. कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण के साथ रात्रिभोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया. पूरे आयोजन में भक्ति, संस्कृति और साहित्य का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे क्षेत्र में खासा उत्साह का माहौल बना रहा. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).