Abhi Bharat

सीवान : सड़क निर्माण कार्य के दौरान खुदे गड्ढे में गिरकर बाइक सवार दो भाइयों की मौत

सीवान || जिले के गुठनी थाना क्षेत्र अंतर्गत धनौरी चट्टी के समीप करेझीं गांव के पास सड़क निर्माण कार्य में छोड़े गए खुले गड्ढे ने एक घर के चिराग बुझा दिए. बिना किसी बैरीकेडिंग और चेतावनी संकेत के बने इस गहरे गड्ढे में रविवार की रात बाइक सवार दो युवक गिर पड़े, जिससे दोनों की हालत गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उनकी दर्दनाक मौत हो गई.

मिली जानकारी के अनुसार, मृत दोनों युवक अपने पिता बिगन राम को चिमनी भट्ठे पर खाना देकर लौट रहे थे. बिगन राम भलुई गांव के निवासी हैं और ईंट पाथने का कार्य करते हैं. रोजमर्रा की तरह बेटे उन्हें खाना देकर वापस घर की ओर जा रहे थे, तभी निर्माणाधीन सड़क पर अंधेरे में दिखाई न देने वाले गड्ढे में बाइक असंतुलित होकर जा गिरी. हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी. लोगों का आरोप है कि दुर्घटना से पहले वहां कोई सुरक्षा घेरा नहीं लगाया गया था, हादसे के बाद औपचारिकता निभाते हुए एक बैरीकेड लाकर रख दिया गया, जो प्रशासनिक लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण है.

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इसी तरह हाल हीं में दिल्ली में भी सड़क के गड्ढे में गिरने से एक बाइक सवार की मौत हुई थी, फिर भी निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी जारी है. ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और वे दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण से जुड़ी एजेंसियों की जवाबदेही तय हो और भविष्य में इस तरह की घातक लापरवाही पर सख्त रोक लगाई जाए. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like
Leave A Reply