सीवान : छेड़खानी से परेशान किशोरी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में पसरा मातम
सीवान || जिले के ज़िरादेई थाना क्षेत्र अंतर्गत मकुन्दपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मनचले युवक की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर ग्रामीण मदन साह की पुत्री अंशु कुमारी ने अपने हीं घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
बताया जाता है कि युवक द्वारा लंबे समय से किशोरी को परेशान किया जा रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में थी.
परिजनों के अनुसार अंशु कुमारी ने यह कदम उस समय उठाया जब घर के अन्य सदस्य किसी कार्य से बाहर गए हुए थे. घटना की जानकारी मिलते हीं गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. सूचना पाकर ज़िरादेई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
वहीं ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों ने आरोपित युवक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते पुलिस ने शिकायतों पर संज्ञान लिया होता तो आज एक मासूम की जान नहीं जाती.
पुलिस द्वारा पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का भरोसा दिया गया है. गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).