सीवान : जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं, वर्तमान में कुल 15,528 सिलेंडर उपलब्ध
सीवान || जिले में घरेलू गैस की कमी को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने स्पष्ट किया है कि सीवान में एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है.
सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएम ने बताया कि इंडेन (IOCL) के 30 वितरकों के पास 8,932, भारत गैस (BPCL) के 10 वितरकों के पास 3,777 तथा HP गैस (HPCL) के 8 वितरकों के पास 2,819 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं. इस प्रकार जिले में कुल 15,528 गैस सिलेंडर मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि सभी गैस कंपनियों द्वारा प्रतिदिन नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है. साथ हीं एजेंसियों के स्टॉक की लगातार जांच एवं अनुश्रवण किया जा रहा है, पूरे जिले में घरेलू गैस की होम डिलीवरी भी सुचारू रूप से जारी है. डीएम ने बताया कि सभी अनुमंडल पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की जा रही है, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर गैस बेचने या अन्य अनियमितताओं पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की जा रही है. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं आपूर्ति निरीक्षक लगातार गैस वितरकों की निगरानी कर रहे हैं. साथ हीं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित कर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है. धावा दल का भी गठन किया गया है, जो आवश्यकतानुसार कार्रवाई कर रहा है.
वहीं डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया है कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित करें. गैस गोदामों से सीधे वितरण पर रोक लगाई गई है. उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या, कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत वसूली की शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06154-242000 एवं 06154-242001 पर करें. इसके अलावा गैस कंपनियों के इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 1906 पर भी संपर्क किया जा सकता है. प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).