Abhi Bharat

सीवान : डीएम ने गैस वितरकों और कंपनी के पदाधिकारियों के साथ की बैठक, जिले में घरेलू गैस के पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

सीवान || शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने गैस वितरकों एवं गैस कंपनियों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. जिसके बाद
उन्होंने प्रेस वार्ता कर बताया किया कि जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं.

डीएम ने बताया कि जिले में इंडेन के 30 वितरकों के पास आज की तारीख में 13,332, भारत गैस के 10 वितरकों के पास 6,859 तथा एचपी गैस के आठ वितरकों के पास 4,929 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं. इस प्रकार जिले में कुल 25,120 गैस सिलेंडर मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों को प्रतिदिन गैस कंपनियों द्वारा नियमित आपूर्ति की जा रही है. उन्होंने बताया कि सभी गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित जांच एवं निगरानी की जा रही है. जिले भर में घरेलू गैस की होम डिलीवरी लगातार सुनिश्चित की जा रही है और विभिन्न स्तरों पर इसका अनुश्रवण भी किया जा रहा है. सभी अनुमंडल पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में औचक निरीक्षण एवं छापेमारी कर रहे हैं। निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर गैस बेचने या अन्य अनियमितता पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई की जा रही है. डीएम ने गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित करें तथा गोदाम से सीधे गैस वितरण नहीं किया जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या आदेशों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. जिले के सभी अनुमंडलों में नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं और धावा दल का गठन कर निगरानी बढ़ा दी गई है. जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 संचालित है, जहां प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है.

बता दें कि गैस संबंधी समस्या के समाधान हेतु उपभोक्ता 24×7 कॉमन इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 1906 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आईओसीएल, बीपीसीएल एवं एचपीसीएल के टोल फ्री नंबरों पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. वहीं जमाखोरी, कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूली की शिकायत के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06154-242000 एवं 06154-242001 जारी किए गए हैं. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).

You might also like

Comments are closed.