सीवान : होली को लेकर बड़हरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल तैनात करने का निर्णय
सीवान || जिले के बड़हरिया प्रखंड में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को बड़हरिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार, अंचलाधिकारी सरफराज अहमद एवं थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने संयुक्त रूप से की. साथ में अपर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार तिवारी एसआई संतोष कुमार सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहें.

बैठक की शुरुआत होली पर्व की शुभकामनाओं के साथ की गई. इस दौरान अधिकारियों ने थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों की जानकारी समिति के सदस्यों से प्राप्त कर उन्हें चिन्हित किया. चिन्हित स्थानों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती करने का निर्णय लिया गया, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो. एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है. वर्तमान में रमजान का पवित्र महीना भी चल रहा है, इसलिए सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और संयम बरतें. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें. प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. सभी पंचायत प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग अपने-अपने क्षेत्रों में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी ध्यान देने की बात कही. अंचलाधिकारी सरफराज अहमद ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
थाना अध्यक्ष छोटन कुमार ने कहा कि पुलिस लगातार गश्त करेगी और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि होली को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून का पालन करें.
बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ अनिल कुमार गिरी, पूर्व मुखिया वीरेंद्र साह, भाजपा अति पिछड़ा मंच के जिला संयोजक सुनील कुमार चंद्रवंशी, जुल्फिकार अहमद उर्फ मिट्ठू बाबू, सरपंच अरविंद श्रीवास्तव, रहीमुद्दीन खान, प्रेम प्रकाश सोनी, मुखिया श्रीराम साह, गुड्डू सोनी, राजबल्लम पर्वत, लियाकत अली, महमद फैसल, शमशाद सूफी, पूर्व मुखिया शम्भू शर्मा, विनोद कुशवाहा, चन्द्रमा राम सहित दोनों समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया. (बड़हरिया से राकेश रंजन गिरी की रिपोर्ट).