सीवान : जमीन विवाद और 10 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में सन ऑफ सीवान के नाम से चर्चित जीवन यादव गिरफ्तार
सीवान || जिले से बड़ी खबर है, जहां खुद को सन ऑफ सीवान बताने वाले तथाकथित समाजसेवी जीवन यादव को गुरुवार की दोपहर एसआईटी की टीम ने उसके कंधवारा स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया. जीवन यादव पर एक जमीन को लेकर धमकाने और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है.
बताया जाता है कि मामले की शुरुआत 30 अगस्त 2025 को मैरवा थाना क्षेत्र में दर्ज कांड संख्या 364/25 से हुई थी. जहां के व्यवसायी अमन कुमार राज की शिकायत पर जीवन यादव, विकास सिंह और योगेंद्र चौधरी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 (2), (3) एवं (5) के तहत मामला दर्ज किया गया था. आरोप था कि जमीन विवाद को लेकर शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी दी गई तथा 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई. मामले की पुलिस जांच में आरोप गंभीर पाए गए, जिसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे. उन्होंने जिला अदालत से लेकर उच्च न्यायालय तक जमानत पाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों स्तरों पर उनकी याचिकाएं खारिज कर दी गईंl. लगातार तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर एसआईटी ने आखिरकार गुरुवार को जीवन यादव को धर दबोचा.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है. प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से बचना किसी के लिए संभव नहीं है, चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो. बता दें कि जीवन यादव 2024 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लोक सभा चुनाव भी लड़ चुका है और हालहीं में इसके राजद में शामिल होने की चर्चाएं भी हुई थी. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).