सीवान : देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन ने जीरादेई में किया झंडोत्तोलन
सीवान || देश के प्रथम राष्ट्रपति देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर उनकी जन्मस्थली जीरादेई में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन ने शिरकत किया. यह आयोजन बिहारी कनेक्ट ग्लोबल और बिहार फाउंडेशन, लंदन चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया.

कार्यक्रम में सबसे पहले राजेंद्र बाबू के जन्मस्थली पर माल्यार्पण किया गया. उसके बाद राजेंद्र उद्यान में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और फिर मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन द्वारा राजेंद्र उद्यान में झंडातोलन किया गया. वहीं मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद के आदर्शों को हमें अपने जीवन में समाहित करना चाहिए. उनके व्यक्तित्व की सादगी और सरलता हमारा मार्गदर्शन करती है. अपने भाषण के दौरान उन्होंने भोजपुरी में भी बात किया.

इस दौरान मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति ने मंच से नीचे उतरकर 105 वर्षीय लोकगायक जंग बहादुर सिंह को सम्मानित किया. लोकगायक जंग बहादुर सिंह को ‘सन ऑफ सीवान, प्राइड ऑफ बिहार’ का सम्मान दिया गया. 10 दिसंबर 1920 को सिवान जिले के रघुनाथपुर प्रखंड स्थित कौसड़ गांव में जन्मे जंग बहादुर सिंह ने युवावस्था से ही देशभक्ति को अपने गायन का स्वर बनाया. 1942 से 1947 के स्वतंत्रता आंदोलन के उथल-पुथल भरे दौर में वे गांव-गांव घूमकर अपने देशभक्ति गीतों के जरिये आजादी का अलख जगाते रहे, जिसकी वजह से ब्रिटिश शासन की प्रताड़ना झेली, जेल भी गए, किंतु उनके स्वर का जोश कभी मद्धिम नहीं पड़ा.
वहीं इस कार्यक्रम में सीवान सांसद विजयलक्ष्मी कुशवाहा, जीरादेई विधायक भीष्म प्रताप कुशवाहा, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी, पूर्व मंत्री एवं महाधिवक्ता बिहार पीके शाही, सीवान डीएम विवेक रंजन मैत्रेय और सीवान एसपी पूरन कुमार झा सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे. (ब्यूरो रिपोर्ट).