सीवान : ससुराल से घर लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौ’त, पत्नी गंभीर रूप से घायल, पटना रेफर
सीवान || जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर हीं मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना पकवलिया गांव के समीप उस समय हुई जब दंपति बाइक से ससुराल से अपने घर लौट रहे थे. पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया. मृतक की पहचान पकवलिया गांव निवासी स्वर्गीय कमल राम के पुत्र रंजीत राम (30) के रूप में हुई है. वहीं हादसे में उनकी 28 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.
परिजनों के अनुसार रंजीत राम अपनी पत्नी के साथ रघुनाथपुर स्थित ससुराल गए थे. वहां से दोनों बाइक से अपने गांव पकवलिया लौट रहे थे, जैसे हीं वे गांव के समीप पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल दंपति को आनन-फानन में सीवान सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रंजीत राम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गुड़िया देवी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया.
वहीं हुसैनगंज थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. फिलहाल, पुलिस फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. (सीवान से लव प्रताप सिंह की रिपोर्ट).