कैमूर : मवेशी लदे पिकअप की टक्कर बाइक सवार युवक की मौ’त, एक गंभीर रूप से घायल
कैमूर / भभुआ || जिले के अधौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दिघार एवं दहार नदी के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल कायम हो गया. वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मवेशी लदे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में अधौरा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी लाल धारी सिंह यादव के 32 वर्षीय पुत्र मोतीलाल सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दहार गांव निवासी वशिष्ठ यादव के 27 वर्षीय पुत्र शिवदास सिंह यादव, मृतक के साले भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए. परिजनों ने बताया कि मोतीलाल सिंह यादव अपने ससुराल दहार गांव से बाइक पर सवार होकर दिघार गांव जा रहे थे, इसी दौरान दिघार-दहार नदी के पास सामने से तेज गति से आ रहे मवेशी लदे पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मोतीलाल सिंह यादव को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल शिवदास सिंह यादव का इलाज सदर अस्पताल में जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही भभुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद शांति सेना के पूर्व सेनापति बहादुर सिंह यादव एवं भाजपा नेता ओम प्रकाश पांडेय ने क्षेत्र में अवैध शराब की खेप पहुंचाने तथा मवेशी लदे तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग की. साथ हीं पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की भी मांग प्रशासन से की गई.इस दौरान समाजसेवी लव कुमार यादव सहित कई स्थानीय लोग सदर अस्पताल में मौजूद रहें. (कैमूर से विशाल कुमार की रिपोर्ट).